समाज की सामूहिक एकता, समरसता और संगठन अनिवार्य है: दीपक कुमार
बहजोई: बहजोई खंड के चन्दनकटी मौजा मंडल के ग्राम अर्जुनपुर खुर्द में आज एक भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत संस्कृत स्वागत गीत से अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण धर्म, संस्कृति और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत हो गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक दीपक कुमार ने अपने अत्यंत प्रेरक एवं ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि “भारत को परम वैभव के शिखर पर पहुँचाने के लिए हिन्दू समाज की सामूहिक एकता, समरसता और संगठन अनिवार्य है।”
उन्होंने कहा कि परिवार समाज की मूल इकाई है और जब तक परिवार सुरक्षित, संस्कारित और संगठित नहीं होंगे, तब तक राष्ट्र सशक्त नहीं बन सकता।दीपक कुमार ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को केवल व्यक्तिगत उन्नति तक सीमित न रखें, बल्कि संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रहित के लिए समर्पित करें। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है
अनुशासित, संगठित और चरित्रवान युवा शक्ति की, जो समाज को दिशा दे सके और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व सिद्धपीठ, सांकरा घाट आश्रम के संत रमाकांतपुरी महाराज ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि “धर्म बचेगा तभी देश सुरक्षित रहेगा और जब भारत सुरक्षित रहेगा, तभी पूरी दुनिया सुरक्षित रह पाएगी।”
उन्होंने सनातन धर्म को केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि मानव जीवन को मर्यादा, मूल्य और दिशा देने वाली जीवन-शैली बताते हुए समाज से अपने धर्म, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा हेतु संगठित होने का आह्वान किया। इस अवसर पर संत सीताराम बाबा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों को आशीर्वाद प्रदान किया तथा हिन्दू समाज की एकता, शांति और उन्नति की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रामौतार ने की। उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिन्दू समाज को जाति और वर्ग से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही प्रत्येक चुनौती का प्रभावी समाधान कर सकता है।
इस अवसर पर खंड विद्यार्थी प्रमुख जोगेंद्र कुमार, मंडल कार्यवाह सोनू कुशवाह, सुमित यादव, संघ प्रचारक राजीव कुमार, बृजेश यादव, जिला पंचायत सदस्य अशोक यादव सहित चन्द्रसेन राणा, मंजू दिलेर, भारत सिंह यादव, यशवीर प्रधान, नेत्रपाल यादव, बालिस्टर सिंह, सत्यपाल सिंह, पप्पू यादव, देवेंद्र यादव, सत्यपाल, रामदयाल वकील साहब,
रवि यादव एडवोकेट आदि गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित संचालन आरएसएस के सह जिला कार्यवाह सम्भव जैन द्वारा किया गया।