सातदिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन ।
संभल:
बहजोई महाविद्यालय, बहजोई की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में आयोजित सातदिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन मलिन बस्ती वार्ड संख्या 12 स्थित निर्माणाधीन महाविद्यालय परिसर में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में स्वयंसेवियों ने ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ विषय को केंद्र में रखते हुए आकर्षक एवं संदेशप्रधान पोस्टर तैयार किए तथा प्रभावशाली नारों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया। स्वयंसेवकों की सृजनात्मक अभिव्यक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। पोस्टरों में हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, ट्रैफिक सिग्नलों के पालन तथा नशे में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को अत्यंत प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे स्थानीय नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ अत्यंत गरिमामय वातावरण में हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव नीरज कुमार ‘गोपी ऑयल मिल्स’, समाजसेवी नरेंद्र कुमार, सदस्य आयुष एवं कपिल तथा संभल पुलिस की ओर
से यातायात इंस्पेक्टर अपर्णा बंसल विशिष्ट रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गीता एवं महाविद्यालय स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और भी सार्थक बनाया। स्वयंसेवी श्रेया वार्ष्णेय एवं रश्मि द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना तथा नीतू के मधुर स्वागत गीत ने वातावरण को भावनात्मक एवं प्रेरणादायी बना दिया। अपने उद्बोधन में इंस्पेक्टर अपर्णा बंसल ने यातायात नियमों के कठोर पालन,
हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सजग वाहन संचालन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुरक्षित चालक ही सुरक्षित समाज का निर्माण करता है। सचिव नीरज कुमार ने स्वयंसेवियों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार एवं समाज को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें। राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य नेमपाल सिंह
यादव एवं शिक्षाशास्त्र विभाग के सहायक आचार्य यशपाल सिंह ने भी सड़क सुरक्षा को जीवन की अनिवार्य शर्त बताते हुए आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, सावधानीपूर्वक वाहन चलाने तथा अनुशासन बनाए रखने पर बल दिया। कार्यक्रम में पूजा शर्मा, प्रीति शर्मा, रामतीरथ, ममता सहित समस्त महाविद्यालय परिवार की सक्रिय उपस्थिति रही। यह आयोजन सामाजिक चेतना, नागरिक दायित्व एवं जनसुरक्षा के प्रति युवाओं की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण सिद्ध हुआ।