जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन से उद्यमियों में उत्साह, व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बदायूँ के विकास को मिलेगा नया आयाम
1 लाख करोड़ रुपए से अधिक संभावित योगदान के साथ ’यूपी का जेवर’ बनेगा आर्थिक प्रगति का इंजन
अब नहीं लगाने होंगे दिल्ली व लखनऊ के चक्कर, व्यापार को मिलेगी नई उड़ान
बदायूँ : 28 मार्च। उत्तर प्रदेश के विकास पथ पर सोमवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ी, जब मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का लोकार्पण किया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तैयार हुआ यह अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट राज्य को वैश्विक कनेक्टिविटी प्रदान करते हुए नए उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा और 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को गति देगा।
एयरपोर्ट की प्रमुख विशेषताएं- प्रारंभिक क्षमताः लगभग 1.2 करोड़ यात्री प्रति वर्ष, भविष्य में विस्तारः 7 करोड़ यात्री क्षमता तक, कार्गो क्षमताः प्रारंभिक 2.5 लाख टन, आगे 15 लाख टन तक, मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटीः एक्सप्रेसवे, बस, मेट्रो,डिजियात्रा आधारित डिजिटल सुविधाएं, एमआरओ, लॉजिस्टिक्स हब और वेयरहाउसिंग सुविधाएं, नेट जीरो एम्बीशंस और ग्रीन एनर्जी आधारित डिजाइन।
आर्थिक प्रभाव- यह एयरपोर्ट प्रदेश की अर्थव्यवस्था में 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक के संभावित योगदान के साथ विकास का नया इंजन बनकर उभरेगा। कार्गो और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के माध्यम से निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश के विभिन्न जिलों को ’लोकल से ग्लोबल’ बनने का अवसर मिलेगा।
इन्फ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी-जेवर एयरपोर्ट को यमुना एक्सप्रेसवे सहित अन्य प्रमुख मार्गों से जोड़ा गया है। प्रस्तावित मल्टी-मॉडल ट्रांजिट हब (मेट्रो, बस, टैक्सी) के माध्यम से जनपद बदायूँ के लिए आवागमन और भी सुगम होगा।
जनपद बदायूँ को लाभ- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जनपद बदायूँ को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से व्यापक लाभ प्राप्त होगा। जनपद के प्रमुख उत्पाद (ओडीओपी) को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच मिलेगी,स्थानीय उद्योग/कृषि/सेवा क्षेत्र को नई गति मिलेगी , निवेश और औद्योगिक गतिविधियों में वृद्धि होगी,युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे,बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन एवं व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
जनपद के उद्यमियों व व्यवसासियों ने जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन होने पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उत्तर प्रदेश व बदायूँ के लिए एक सौगात बताया है, और कहा कि यह यूपी व जनपदवासियों के लिए गौरवांवित होने अवसर है।
मैसर्स प्रकाश कैमिकल्स व बदायूँ सिटी मॉल के स्वामी प्रतीश गुप्ता ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट बन जाने से उद्यम को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारियों के लिए नए अवसर खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि इससे कनेक्टीविटी बढ़ेगी और दिल्ली के बजाय पर अब जेवर एयरपोर्ट से ही अन्तर्राष्ट्रीय उड़ाने उपलब्ध होंगी। लॉजिस्टिक कॉस्ट कम होगी, फास्ट डिलीवरी नए व्यापारिक अनुबंध, वैश्विक व्यापारियों से सीधे सम्पर्क बनेगा और उद्यम तथा आयात-निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। प्रदेश व जनपद वासियों के लिए यह गौरव का क्षण है।
मैसर्स नेचुरल ग्रीन फूड प्राइवेट लिमिटेड के रोहित अग्रवाल ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के निर्माण से कनेक्टिविटी में वृद्धि होगी और अब दिल्ली जाने की आवश्यकता कम हो जाएगी, जिससे समय की बचत के साथ व्यापार को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे जनपद बदायूँ सहित आसपास के क्षेत्रों के व्यापारियों को सीधा लाभ प्राप्त होगा तथा उन्होंने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मैसर्स शकुंतलम इम्पैक्स प्राइवेट लिमिटेड के रोमिल गोयल ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रदेशवासियों व जनपद बदायूँ के निवासियों के लिए बड़ी सौगात है। इससे कनेक्टीविटी बढे़गी और उद्यमियों तथा व्यवसायियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा, और अब दिल्ली के चक्कर नहीं लगाने होंगे। इससे व्यवसाय में बढ़ोत्तरी होगी और समय की बचत भी होगी। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट से ही अन्तर्राष्ट्रीय उड़ाने भी आसानी से उपलब्ध होगी और व्यवसाय बढ़ाने में यह एयरपोर्ट सहायक सिद्ध होगा।
मैसर्स साक्षी इंटरनेशनल के अनुराग गौतम ने बताया कि हम जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन का बहुत दिनों से इंतजार कर रहे थे और यह बदायूं के उद्यमियों व व्यवसायियों के लिए बहुत लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि वह अभी तक लखनऊ एयरपोर्ट के माध्यम से अपना एक्सपोर्ट व इंपोर्ट करते थे और जेवर में एयरपोर्ट बन जाने से उन्हें लाभ होगा, अब वह जेवर एयरपोर्ट के माध्यम से अपना एक्सपोर्ट का कार्य करेंगे साथ ही वह आयात का कार्य भी करते हैं इसमें भी उन्हें लाभ होगा और बदायूं और उसके लोगों के लिए यह एयरपोर्ट तरक्की का मार्ग प्रशस्त करेगा।
ज़री-जरदोजी व्यवसाय से जुड़े साकिब ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट बनने से व्यापार के नए रास्ते खुलेंगे तथा व्यवसाय में नए आयाम स्थापित होंगे, जिससे उद्यमियों एवं व्यापारियों को व्यापक लाभ मिलेगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश में समावेशी, संतुलित और तीव्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना प्रदेश के हर जनपद को वैश्विक मंच से जोड़ते हुए लोकल से ग्लोबल की अवधारणा को साकार करेगी। युवाआें, विद्यार्थियों, स्टार्टअप करने वाले नए उद्यमियों आदि को भी इससे लाभ होगा।
----