37-नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक आकाश सक्सैना ने जनहित से जुड़े एक अहम मुद्दे को उठाते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजा है। इस पत्र में मिलक रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1 व 2 की लंबाई बढ़ाने तथा महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा कि मिलक क्षेत्र के हजारों यात्रियों को वर्तमान में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। प्लेटफार्म छोटे होने के कारण लंबी ट्रेनों का पूर्ण रूप से ठहराव संभव नहीं हो पाता, जिससे यात्रियों को चढ़ने-उतरने में जोखिम उठाना पड़ता है। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण ट्रेनें बिना रुके गुजर जाती हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में लगातार नाराजगी बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा इस संबंध में कई बार मांग उठाई जा चुकी है और अब यह जनहित का एक गंभीर विषय बन चुका है। तहसील मिलक के निवासियों द्वारा दिए गए आवेदन पत्र को भी विधायक ने रेल मंत्री को मूल रूप में भेजते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में स्पष्ट रूप से अनुरोध किया गया है कि मिलक रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1 व 2 की लंबाई बढ़ाने के साथ-साथ चिन्हित ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिल सके।
इस पहल से मिलक और आसपास के इलाकों में विकास की नई उम्मीद जगी है। यदि रेल मंत्रालय द्वारा इस पर सकारात्मक निर्णय लिया जाता है, तो हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।