नवप्रवेशी बच्चों का तिलक व पुष्प वर्षा से स्वागत, मेघा नगला जदीद विद्यालय में नवारंभ उत्सव धूमधाम से संपन्न
मिलक(मुरादाबाद न्यूज़ प्राइम )
अमित कुमार जोशी
उच्च प्राथमिक विद्यालय मेघा नगला जदीद कंपोजिट में बुधवार को नवारंभ उत्सव एवं वार्षिक समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में कक्षा 1 से 8 तक के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। बच्चों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों और शिक्षकों ने उनका उत्साहवर्धन किया।
नए शैक्षिक सत्र के तहत नवप्रवेशी बच्चों का विशेष स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक बृज पाल सिंह गंगवार ने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उल्लास, उत्साह और प्रेरणा का माहौल बना रहा।
नव सत्र की शुरुआत बच्चों के लिए नई उम्मीदों और सपनों के साथ हुई।