₹2000 के लिए भटक रहे गरीब को जिलाधिकारी ने मसीहा बनकर वापस दिलवाए
~~~~~~~~~~~~~~~~~
*लौटी मेहनत की कमाई और गुब्बारे देखकर गरीब का चेहरा खिला*
रामपुर। बुधवार को जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी का एक बेहद मानवीय और संवेदनशील चेहरा उस वक्त सामने आया, जब अपनी मेहनत की कमाई के 2000 रुपये के लिए दर-दर भटक रहे जनपद के थाना टांडा क्षेत्र के एक गरीब गुब्बारे वाले की पीड़ा जिलाधिकारी ने न सिर्फ सुनी, बल्कि तत्काल उसका समाधान भी किया।
टांडा तहसील निवासी गुब्बारे बेचने वाले दुर्गा प्रसाद की फरियाद पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टांडा थाना प्रभारी को निर्देश दिए। नतीजा यह रहा कि पुलिस तुरंत हरकत में आई और गरीब को उसके 2000 रुपये वापस दिलवाए।
आपको बता दें मामला जनपद के टांडा तहसील के रहने वाले दुर्गा प्रसाद फेरी लगाकर और गुब्बारे बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी मेहनत की गाढ़ी कमाई के 2000 रुपये किसी व्यक्ति ने उधार लिए और
फिर वापस करने से मुकर गया। एक-एक पैसे को मोहताज दुर्गा प्रसाद ने अपने पैसे वापस पाने के लिए जिलाधिकारी की चौखट पर जाने का फैसला किया। बुधवार को पीड़ित जिला अधिकारी कार्यालय जनता दरबार में पहुंचा जहां
अपनी दुख भरी दास्तान सुनाकर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के दिल को झकजोर दिया। अतः पीड़ित के दुख से भावुक होकर जिलाधिकारी ने तुरंत एसएचओ टांडा को निर्देशित कर पीड़ित के पैसे वापस कराए।