~~~~~~~~~~~~~~~~~
*फाल्ट और ट्रिपिंग की शिकायतों को त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए*
रामपुर। जैसा कि इस समय पड़ रही भीषण गर्मी को लेकर बढ़ती विद्युत मांग के दृष्टिगत जनपद में निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ मंगलवार देर शाम जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, उपभोक्ताओं को आ रही समस्याओं, ट्रांसफार्मरों की कार्यक्षमता, फाल्ट निस्तारण व्यवस्था, लाइन लॉस, उपकेंद्रों की कार्यप्रणाली तथा फील्ड स्तर पर संचालित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को हर स्थिति में सुचारू बनाए रखा जाए तथा किसी भी क्षेत्र में अनावश्यक विद्युत कटौती न होने पाए। विद्युत फाल्ट, ट्रिपिंग, ट्रांसफार्मर खराब होने अथवा तार टूटने जैसी शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से फील्ड भ्रमण कर विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों एवं उपकेंद्रों की सतत मॉनिटरिंग करें।
जर्जर तारों एवं क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों को चिन्हित कर समय रहते आवश्यक मरम्मत एवं प्रतिस्थापन कार्य कराया जाए, जिससे संभावित दुर्घटनाओं एवं आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से बचा जा सके।
बैठक में यह भी निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए विद्युत विभाग अपनी आपातकालीन तैयारियां पूरी तरह सुदृढ़ रखे। आकस्मिक परिस्थितियों,
तकनीकी खराबी अथवा किसी बड़े फाल्ट की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारी, वाहन, उपकरण एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहें, ताकि जनसामान्य को न्यूनतम असुविधा हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्मी के इस दौर में आमजन को विद्युत संबंधी अनावश्यक समस्याओं का सामना न करने पड़े।
विद्युत व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा कार्य में शिथिलता न बरती जाए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता, समस्त अधिशासी अभियंता सहित विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।