विकास भवन सभागार में हुआ किसान दिवस का आयोजन
रामपुर। बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान गत माह आयोजित किसान दिवस में कृषकों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं शिकायतों के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसान दिवस में किसानों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि सभी कृषक अपनी फैमिली आईडी एवं फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से बनवा लें, जिससे उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
उप कृषि निदेशक श्री राम किशन सिंह ने बताया
कि जनपद के सभी राजकीय कृषि बीज भण्डारों पर ढैचा बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कृषक बीज की बुकिंग कर संबंधित गोदामों से बीज प्राप्त कर सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। किसानों को खरीफ सीजन हेतु प्रति हेक्टेयर 7 बैग यूरिया एवं 5 बैग डीएपी/एनपीके आवश्यकता के अनुसार क्रय कर सकते है।
भारतीय किसान यूनियन के मंडल सचिव जुबैद आलम ने किसान दिवस में अवगत कराया कि जनपद में मक्का उत्पादन बढ़ने के कारण किसानों को एमएसपी पर बिक्री के लिए बिलासपुर जाना पड़ता है। उन्होंने मिर्जानूरपुर बराखास में मक्का क्रय केंद्र स्थापित किए जाने की मांग उठाई।
ग्राम हरजीपुर निवासी कृषक असगर अली ने कृषि उप सम्भाग मिलक लोहा परिसर में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हैंडपम्प लगवाने की मांग की। वहीं कृषक हसीन अहमद ने फैजुल्लानगर एवं सैदनगर क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों द्वारा दूषित जल भूमि में छोड़े जाने से भूजल प्रदूषण की समस्या उठाई।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
किसान दिवस में सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण एवं कृषकगण उपस्थित रहे।