युवक ने तालाब में डूबते बच्चे को बचायाः कबाड़ बीनने गया था 9 साल का मासूम, कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला
संवाददाता रवि शर्मा की रिपोर्ट एटा कासगंज
एटा के राजा का रामपुर कस्बे में सोमवार शाम एक युवक की बहादुरी से 9 साल के बच्चे की जान बच गई। मोहल्ला मालियान स्थित तालाब में डूब रहे मासूम को युवक ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया
कच्छपुरा निवासी 9 वर्षीय निहाल पुत्र तेजपाल सोमवार शाम करीब 4:30 बजे तालाब किनारे कबाड़ बीनने गया था। इसी दौरान वह अनजाने में तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से पानी में डूबने लगा। घबराए मासूम ने मदद के लिए चीखना शुरू कर दिया।
बच्चे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तालाब की अधिक गहराई के कारण कोई भी पानी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था तभी जीतू पुत्र रामसनेही ने साहस दिखाते हुए बिना देर किए तालाब में छलांग लगा दी। काफी देर तक संघर्ष करने के बाद उन्होंने निहाल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मासूम को सकुशल बाहर आते देख मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग तालाब पर जमा हो गए। निहाल के परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े