नायब तहसीलदार की कार्रवाई, अवैध खनन में लगी जेसीबी सीज
संवाददाता विनय कुमार अग्रवाल की रिपोर्ट फतेहगंज पूर्वी
तीन दिन से बिना अनुमति चल रहा था मिट्टी खनन, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची राजस्व टीम
भुता (बरेली)। भुता ब्लॉक क्षेत्र के गांव बरुआ हुसैनपुर में चल रहे अवैध खनन पर राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। फरीदपुर के नायब तहसीलदार अजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर अवैध खनन में लगी जेसीबी मशीन को पकड़कर सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार गांव बरुआ हुसैनपुर में पिछले तीन दिनों से कथित रूप से अवधेश कुमार द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के मिट्टी का खनन कराया जा रहा था। मामले की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार अजय सिंह तत्काल राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान खनन कार्य होता पाया गया, जिस पर कार्रवाई करते हुए खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को सीज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान लेखपाल धर्मेंद्र कुमार एवं दुर्गेश तिवारी भी मौजूद रहे।
नायब तहसीलदार अजय सिंह ने बताया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का खनन पूरी तरह अवैध है। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
ग्रामीणों ने राजस्व विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए क्षेत्र में अवैध खनन पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है।
अटल भारत संवाददाता
भुता, बरेली