सहसवान: जमीन में धोखाधड़ी कर ज्यादा रजिस्ट्री कराने और मारपीट के आरोप में 4 पर FIR
संवाददाता सौरभ गुप्ता की रिपोर्ट सहसवान
*सहसवान।* थाना सहसवान क्षेत्र में जमीन के हिस्से को लेकर धोखाधड़ी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला काजी निवासी 68 वर्षीय फकीर मोहम्मद पुत्र अली मुहम्मद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि ग्राम हमूपुर चमरपुरा में उनकी गाटा संख्या 187 रकबा 0.126 हेक्टेयर और गाटा संख्या 191 रकबा 0.253 हेक्टेयर जमीन है। आरोप है कि 13 जुलाई 2018 को आरोपी शीराज मुर्तजा पुत्र हकीम अली ने 3 लाख रुपये में सौदा कर 1/8 और 1/3 हिस्से की रजिस्ट्री कराई थी।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उनसे कहा था कि बाकी बचे 1/8 और 1/3 हिस्से की भी रजिस्ट्री हो गई है। लेकिन 8 जुलाई 2026 को जब उन्होंने नायब तहसीलदार और वकील से जानकारी की तो पता चला कि आरोपियों ने तय हिस्से से अधिक जमीन अपने नाम करा ली है।
जब फकीर मोहम्मद ने 20 जुलाई को अपना सही हिस्सा मांगा तो आरोपी शीराज मुर्तजा, आरिश पुत्र अनीश शर्मा, मोहम्मद आकिल और असलम ने गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने कहा कि दोबारा जमीन मांगी तो अंजाम बुरा होगा।
थाना प्रभारी सहसवान ने बताया कि फकीर मोहम्मद की तहरीर पर BNSS की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।