हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा फतेहगंज पूर्वी, शिव डाक कांवड़ संघ का हुआ भव्य स्वागत
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कांवड़ियों के संग खेली गुलाल की होली
फतेहगंज पूर्वी। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर गोला गोकर्णनाथ में भगवान महादेव का जलाभिषेक करने निकले शिव डाक कांवड़ संघ फतेहगंज पूर्वी के लगभग 150 कांवड़ियों के जत्थे का नगर में जोरदार स्वागत किया गया। कांवड़ियों के पहुंचते ही वातावरण भक्तिमय हो गया और हर-हर महादेव, बोल बम के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।
नगर पंचायत के अध्यक्ष संजय पाठक ने भक्तों के साथ गुलाल की होली खेलकर खुशी का इजहार किया। श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। कांवड़ियों के उत्साह और भक्ति ने माहौल में अलग ही रंग भर दिया। स्वागत के दौरान ग्राम पंचायत बिलपुर की प्रधान बबीता मिश्रा,प्रधान पति विनोद प्रकाश, वीरेश प्रकाश मिश्रा, पंकज अग्रवाल आकाश अग्रवाल राजन उपाध्याय सहित सैकड़ो भक्त उपस्थित रहे।
महंत प्रेमपाल मिश्रा एवं उप महंत विनोद मिश्रा के नेतृत्व में निकला जत्था हरिद्वार से गोला गोकर्णनाथ की ओर बढ़ रहा है। संघ के संरक्षक पिंटू मिश्रा, व्यवस्थापक रामअवतार शर्मा, अजय मिश्रा और कृष्ण कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल रहे।
कांवड़ियों ने भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए अपनी यात्रा जारी रखी। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भक्ति, आस्था और उमंग से सराबोर कांवड़ यात्रा ने पूरे फतेहगंज पूर्वी को शिवमय कर दिया। कांवड़ संघ के महंत प्रेमपाल मिश्रा ने बताया कि कल सभी लोग गोला गोकर्णनाथ में भगवान भोलेनाथ का जल अभिषेक करेंगे।