■ *स्वतंत्रता दिवस पर शान से लहराया तिरंगा, भैया-बहिनों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियाँ*
बदायूँ। शिव देवी सरस्वती शिशु एवं विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज, सिविल लाइन्स, बदायूँ में स्वतंत्रता दिवस संयुक्त रूप से हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय के व्यवस्थापक वीरेंद्र पाल झा (एडवोकेट) एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, ब्रज प्रान्त के संघचालक शशांक भाटिया ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के पश्चात विद्यालय प्रांगण भारत माता की जय एवं अमर शहीदों की जय के देशभक्तिमय नारों से गूंज उठा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ माँ शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों एवं प्रबंध समिति के सदस्यों ने देश के अमर शहीदों एवं क्रांतिकारियों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रबंध समिति के सदस्य डा. भास्कर शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रान्त प्रचारक विनोद जी, बरेली विभाग के विभाग प्रचारक कृष्णा जी,
सह विभाग प्रचारक अनुज जी, बदायूँ विभाग के विभाग प्रचारक सुधांशु जी, जिला प्रचारक भरत जी, नगर प्रचारक तुलसीदास जी, विभाग कार्यवाह जगजीवन राम, प्रान्त कार्यवाह राजपाल जी तथा बरेली विभाग कार्यवाह मिथिलेश जी, जिला कार्यवाह बदायूँ मून गुप्ता जी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
माँ सरस्वती की वंदना के उपरांत भैया-बहिनों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यालय के युवा आचार्य राहुल शर्मा ने ओजस्वी देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमुदाय में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया। बहिन यशिका भारद्वाज ने “जब जीरो दिया था भारत ने,
तब दुनिया को गिनती आई” पंक्ति की प्रभावशाली प्रस्तुति से खूब वाहवाही बटोरी। वहीं ‘टूरिस्ट बस’ झांकी के माध्यम से विद्यार्थियों ने इंसानियत, सामाजिक सरोकार एवं मानवीय संवेदनाओं का प्रेरक संदेश दिया।
अपने संबोधन में विद्यालय के व्यवस्थापक वीरेंद्र पाल झा एडवोकेट ने कहा कि अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्रता के साथ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने भैया-बहिनों से मन लगाकर अध्ययन करने तथा भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर, सैनिक आदि बनकर राष्ट्रसेवा करने का आह्वान किया।
प्रबंध समिति के सम्मानित सदस्य नरेश पाल गुप्ता ने धर्म के साथ कर्म के महत्व को समझाते हुए प्रेरक प्रसंग के माध्यम से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष राधा रमन गुप्ता एडवोकेट ने माँ को बच्चे का प्रथम गुरु बताते हुए माता-पिता एवं गुरुजनों की आज्ञा का पालन करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ आचार्य कृष्ण हरि शर्मा एवं कौशल किशोर पाठक ने संयुक्त रूप से किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य वेदरत्न शर्मा ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने आवश्यक सूचनाएँ प्रदान करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर नैशनल न्यूज ब्यूरो चीफ राजेश गुप्ता, सुधीश गुप्ता, विद्यालय मीडिया प्रमुख आचार्य लालाराम वर्मा, आचार्य विनय चौहान, राजेश कुमार, दिनेश चंद्र शर्मा, नरेश पाल सिंह, निरंजन सिंह, आचार्या बहिन कोमल, सुभाषिनी सक्सेना, प्रियंका सिंह, आयुषी सहित समस्त आचार्य एवं कर्मचारी स्टाॅफ उपस्थित रहा।