बहजोई: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा 14 अगस्त को अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर बहजोई नगर के मोहल्ला काठ बाजार स्थित भारत माता पार्क में कार्यक्रम उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं ने अखंड भारत के संकल्प को दोहराते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक दीपक कुमार ने कहा कि अखंड भारत केवल भौगोलिक सीमाओं की कल्पना नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक एकता, गौरवशाली परंपरा और साझा राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति ने सदैव संपूर्ण मानवता को एक परिवार मानकर चलने का संदेश दिया है। युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सामाजिक समरसता, संस्कार और संगठन की भावना को मजबूत करने के लिए आगे आना चाहिए।
इसके उपरांत सभी उपस्थित स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से 108 दीपकों से भारत माता की आरती की। दीप प्रज्वलित कर भारत माता पार्क को रोशनी से जगमगा दिया गया। इस दौरान पूरा वातावरण भारत माता के जयघोष एवं राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम में आरएसएस के सह जिला कार्यवाह संभव जैन, नगर संघचालक अवनेश कुमार, नगर प्रचारक अमन कुमार, अरविंद एडवोकेट, नगर पालिका परिषद के चेयरमैन राजेश शंकर राजू, भाजपा नेत्री मंजू दिलेर, नकुल प्रताप सिंह, चैतन्य कुमार सिंह, नवीन कुमार मेडिकल, नीरज कुमार, अंशु गुप्ता, जितेंद्र बरनवाल, प्रशांत शर्मा, प्रमोद शर्मा, यश कठेरिया, हेमेंद्र गुप्ता, कार्त्तिक गुप्ता, रोहित गुप्ता, विशाल, सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन नगर कार्यवाह लव कुमार शर्मा ने किया।