कांवड़ ड्यूटी में लापरवाही पर कछला चौकी इंचार्ज निलंबित, ड्यूटी के दौरान सोने का भी आरोप

Notification

×

All labels

All Category

All labels

कांवड़ ड्यूटी में लापरवाही पर कछला चौकी इंचार्ज निलंबित, ड्यूटी के दौरान सोने का भी आरोप

Thursday, August 13, 2026 | August 13, 2026 Last Updated 2026-08-13T14:44:20Z
    Share
कांवड़ ड्यूटी में लापरवाही पर कछला चौकी इंचार्ज निलंबित, ड्यूटी के दौरान सोने का भी आरोप

हिन्दुस्तान दर्पण खबर 24
बदायूं। कांवड़ यात्रा जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले समय में ड्यूटी में लापरवाही कछला गंगाघाट चौकी प्रभारी रिंकू सिंह को भारी पड़ गई। बरेली-मथुरा हाईवे पर करीब तीन घंटे तक लगे जाम के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने में लापरवाही के आरोपों के बाद अगले ही दिन चौकी प्रभारी खोया-पाया केंद्र पर ड्यूटी के दौरान सोते मिले।

 निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने उन्हें जगाकर ड्यूटी को लेकर सवाल किए तो आरोप है कि उन्होंने संतोषजनक जवाब देने के बजाय एसडीएम से ही कथित तौर पर पूछ लिया कि वह उन्हें टोकने वाले कौन होते हैं।

मामले की जांच एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह से कराई गई। जांच रिपोर्ट में यातायात व्यवस्था में लापरवाही, कांवड़ यात्रा से संबंधित निर्देशों के पालन में शिथिलता और ड्यूटी के दौरान सोने की बात सामने आने के बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने कछला चौकी प्रभारी रिंकू सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है।

तीन घंटे तक जाम में फंसा रहा बरेली-मथुरा हाईवे

कांवड़ यात्रा को लेकर शुक्रवार से सोमवार तक कछला गंगाघाट और आसपास के मार्गों पर कांवड़ियों की भारी भीड़ रहती है। इस दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे। रविवार रात बरेली-मथुरा हाईवे पर कछला से उझानी की ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते करीब तीन घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।

जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कछला गंगाघाट की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने जा रहे जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा के वाहन भी जाम में फंस गए। इससे पुलिस की यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।

एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर संभाली व्यवस्था

हाईवे पर जाम की सूचना मिलने के बाद एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस ने कछला घाट की तरफ से आने वाले वाहनों को बिल्सी की ओर डायवर्ट कराया। यातायात को व्यवस्थित करने के बाद भी स्थिति सामान्य होने में करीब दो घंटे का समय लग गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चौकी प्रभारी रिंकू सिंह ने समय रहते यातायात नियंत्रण के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने रिपोर्ट तलब की।

अगले दिन खोया-पाया केंद्र पर सोते मिले दरोगा

हाईवे जाम की घटना की जांच चल ही रही थी कि सोमवार को चौकी प्रभारी की ड्यूटी को लेकर एक और मामला सामने आ गया। एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रीसांईं आश्रित साखमुरी कछला क्षेत्र में कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे। इसी दौरान वह खोया-पाया केंद्र पर पहुंचे, जहां चौकी प्रभारी रिंकू सिंह ड्यूटी के दौरान सोते मिले।

बताया गया कि एसडीएम ने उन्हें जगाया और ड्यूटी के दौरान सोने का कारण पूछा। आरोप है कि इस पर चौकी प्रभारी ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय कथित तौर पर कहा कि उनके अधिकारी पूछेंगे तो वह उन्हें जवाब देंगे। इस पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट एसडीएम की ओर से उच्चाधिकारियों को भेजी गई।

जांच में सामने आई कई स्तर की लापरवाही

मामला सामने आने के बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह को जांच सौंपी। जांच के दौरान हाईवे पर यातायात व्यवस्था में लापरवाही, कांवड़ यात्रा के दौरान दिए गए निर्देशों के पालन में शिथिलता और ड्यूटी के दौरान सोने संबंधी आरोपों की पड़ताल की गई।

बुधवार को जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी ने रिपोर्ट के आधार पर रिंकू सिंह को निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू करा दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी में किसी भी स्तर की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

अविनाश पुंडीर को मिली कछला चौकी की कमान

रिंकू सिंह के निलंबन के बाद वीआईपी सेल में तैनात दरोगा अविनाश पुंडीर को कछला गंगाघाट चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर उन्हें यातायात, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी अंकिता शर्मा के मुताबिक, कांवड़ ड्यूटी में लापरवाही और ड्यूटी के दौरान सोने की शिकायत की जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कछला चौकी प्रभारी रिंकू सिंह को निलंबित किया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी कराई जा रही है।
सोर्स सोशल मीडिया 
#बदायूं #कछला #कांवड़यात्रा #कांवड़ड्यूटी #पुलिसकार्रवाई #चौकीइंचार्ज #रिंकूसिंह #एसएसपीअंकिताशर्मा #बरेलीमथुराहाईवे #यातायातव्यवस्था #कछलागंगाघाट #पुलिसविभाग #Badaun #KanwarYatra #PoliceAction
CLOSE ADS
CLOSE ADS
close