प्रेमजाल में फंसाकर किन्नर से लाखों की ठगी: शादी का झांसा देकर लिंग परिवर्तन कराया, 4 लाख नकद और बुलेट ली; शादीशुदा निकला प्रेमी
दो साल तक होटल में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप; शादी से मुकरा तो रकम मांगने पर दी जान से मारने की धमकी, आरोपी और पत्नी पर केस
आगरा । शादी का सपना दिखाकर एक युवक ने किन्नर को कथित तौर पर दो साल तक प्रेमजाल में फंसाए रखा। आरोप है कि युवक ने पहले उसे पत्नी बनाकर रखने का भरोसा दिया और फिर शादी की शर्त रखते हुए पुरुष किन्नर से स्त्री किन्नर बनने के लिए मजबूर किया। प्रेमी की बातों पर भरोसा कर पीड़िता ने सर्जरी के जरिए लिंग परिवर्तन करा लिया। इसके बाद भी आरोपी शादी से मुकर गया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उससे 4 लाख रुपए नकद और बुलेट बाइक ले ली। बधाई में मिलने वाली रकम भी वह अपने पास रखता था। बाद में पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता की तहरीर पर सिकंदरा पुलिस ने आरोपी त्रिवेंद्र और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो साल पहले हुई थी मुलाकात, शादी का दिया भरोसा
मूलरूप से बाराबंकी की रहने वाली पीड़ित किन्नर वर्तमान में आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में रहती है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात सिकंदरा क्षेत्र के गांव लखनपुर निवासी त्रिवेंद्र से हुई थी। आरोप है कि त्रिवेंद्र ने उससे नजदीकी बढ़ाई और प्रेम का इजहार कर उसे पत्नी बनाकर रखने तथा शादी करने का भरोसा दिया।
होटलों में ले जाकर बनाए संबंध
पीड़िता का आरोप है कि शादी का भरोसा देकर त्रिवेंद्र उसे शहर के अलग-अलग होटलों में ले जाता था। वहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। इसी दौरान उसने पीड़िता के सामने शर्त रखी कि यदि वह पुरुष किन्नर से स्त्री किन्नर बन जाए तो वह उससे शादी कर लेगा।
शादी के लिए लिंग परिवर्तन कराने का आरोप
आरोपी की बातों पर भरोसा करके पीड़िता ने सर्जरी के जरिए अपना लिंग परिवर्तन कराया। आरोप है कि इस प्रक्रिया में उसने लाखों रुपए खर्च किए। पीड़िता का कहना है कि उसने यह सब आरोपी से शादी की उम्मीद में किया था।
4 लाख रुपए और बुलेट भी लेने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, लिंग परिवर्तन की सर्जरी के दौरान और उसके बाद भी आरोपी ने उससे रुपए लिए। आरोप है कि त्रिवेंद्र ने उससे 4 लाख रुपए नकद और एक बुलेट बाइक ले ली। इतना ही नहीं, किन्नर को बधाई में मिलने वाली रकम भी आरोपी अपने पास रख लेता था। इस तरह उसके साथ लगातार आर्थिक शोषण किया गया।
सर्जरी के बाद शादी से मुकरा, तब खुला शादीशुदा होने का राज
लिंग परिवर्तन के बाद जब पीड़िता ने त्रिवेंद्र से शादी करने की बात कही तो वह टालने लगा और बाद में शादी से साफ मुकर गया। पीड़िता को बाद में पता चला कि त्रिवेंद्र पहले से ही शादीशुदा है। उसका आरोप है कि आरोपी ने अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर उसे लगातार धोखे में रखा।
रुपए मांगे तो जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने जब आरोपी से अपने रुपए और अन्य सामान वापस मांगा तो कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। धोखाधड़ी और आर्थिक शोषण से परेशान होकर पीड़िता बाराबंकी लौट गई और अपने गुरु को पूरी घटना बताई। इसके बाद वह आगरा वापस आई और सिकंदरा थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
बॉक्स | पुलिस ने आरोपी और पत्नी पर दर्ज किया केस
इंस्पेक्टर सिकंदरा राजीव त्यागी ने बताया कि पीड़ित किन्नर की तहरीर के आधार पर त्रिवेंद्र और उसकी पत्नी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपी से पूछताछ करेगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता यूपी हेड कौशल पाराशरी की रिपोर्ट