शाहजहांपुर: पत्रकार बनाने और इंडिया टीवी में नौकरी दिलाने के नाम पर 80 हजार ठगने का आरोप, चार लोग हिरासत मे
मतदाता कौशल पाराशरी यूपी हेड
शाहजहांपुर। कोतवाली क्षेत्र में पत्रकार बनाने और नेशनल चैनल में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का सनसनीखेज आरोप सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र के निवासी मोहम्मद इसहाम खान की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार हरदोई निवासी अतीक खान उर्फ गाजी ने इंडिया टीवी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे करीब 80 हजार रुपये लिए। आरोप है कि ज्वाइनिंग लेटर और प्रेस कार्ड मांगने पर उन्हें एक कार्यालय में बुलाया गया, जहां दिए गए कार्ड को लेकर विवाद हो गया।
पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान अतीक खान और उसके साथियों ने गाली-गलौज व मारपीट की और धमकी दी। शिकायत में फर्जी यूनियन/प्रेस कार्ड बनाकर पत्रकार बनाने के नाम पर रुपये वसूलने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस का पक्ष:
कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सभी आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।