अफेयर पर पत्नी और सास को सिर कूचकर मार डालाः पति ने पिता के साथ मिलकर किया मर्डर; तीन आरोपी गिरफ्तार
संवाददाता :रवि शर्मा,एटा
एटा में बीते सोमवार रात हुई मां-बेटी की हत्या का पुलिस ने रविवार दोपहर 3 बजे खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पत्नी का किसी से अफेयर था। जिस कारण दोनों में झगड़ा होता था। इसी कारण उसने पिता के साथ मिलकर मर्डर का प्लान बनाया।
आरोपी ने अगल-बगल सो रहीं पत्नी और सास की हथौड़े से सिर कूचकर हत्या कर दी। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी महिला का पति फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामला आवागढ़ थाना क्षेत्र का है।
मुख्य दरवाजे पर चारपाई पर सो रही थीं मां-बेटी
पुलिस के अनुसार, यादव नगर मोहल्ला में प्रियंका (40) अपनी मां कमला देवी (65) के साथ रहती थीं। प्रियंका के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं।
सोमवार रात घर के मुख्य दरवाजे के पास प्रियंका-कमला देवी चारपाई पर सो रही थीं। इसी दौरान आरोपियों ने दोनों पर हथौड़े से हमला कर दिया। हत्या के बाद आरोपी पीछे के रास्ते से फरार हो गए।
मामले में बेटी कल्पना की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी। घटना के समय प्रियंका की दो बेटियां और एक बेटा घर पर मौजूद थे। तीनों बच्चों ने हत्या होते देखी थी। प्रियंका की बेटी ने बताया था- उसकी मां और नानी की हत्या उसके पापा, बाबा और एक अन्य व्यक्ति ने की है। एक बेटा घटना के समय घर पर नहीं था, वह बाहर रहता है।
अवैध संबंधों को लेकर हत्या की योजना बनाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, प्रियंका के एक प्रॉपर्टी डीलर से अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर पति रुकुमपाल नाराज था। आरोप है कि उसने अपने पिता सियाराम और अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। पुलिस ने बताया- मर्डर के बाद सभी आरोपी धर्मेंद्र के घर पर अन्य सभी आरोपी रुके थे। यहां से भागते समय उसकी आर्थिक मदद भी की गई थी।
एटा-टूंडला रोड से 3 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी रुकुमपाल के पिता सियाराम (70), दिनेश कुमार और धर्मेंद्र सिंह को एटा-टूंडला रोड से गिरफ्तार किया। तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रुकुमपाल अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।