आई लव यू पापा... दोबारा लौटकर आऊंगा आपका बेटा बनकरः फोन काटा और तमंचे से युवक ने मार ली गोली, पिता बोले- लड़की के घरवाले पैसे मांगते थे
एटा में शनिवार रात को गोली मारकर सुसाइड करने वाले युवक का दो ऑडियों सामने आया है। युवक ने मरने से पहले अपने पिता को फोन किया था। कहा-पापा, लड़की को उसके पिता ने भड़का दिया है, वह मना कर रही है। वह पैसे मांग रहा है। आकर मुझसे मिल लो, अब नहीं मिलूंगा। मैं दोबारा आपका बेटा बनकर लौट के आऊंगा, आई लव यू पापा।
मामला कोतवाली नगर क्षेत्र की नई बस्ती स्वर्णपुरी (जाटबपुरा) मोहल्ले का है। शनिवार की रात 9:47 बजे आदित्य (28) पुत्र सत्यप्रकाश ने अपने कमरे में खुद को तमंचे से गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिवार ने आदित्य का रविवार शाम चार बजे भूतेश्वर के मोक्षधाम पर अंतिम संस्कार कर दिया है।अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला
एक साल का रिश्ता, फिर शादी की बातचीत और बढ़ता दबाव
नई बस्ती स्वर्णपुरी में रहने वाला आदित्य 12वीं तक पढ़ा था। इसके बाद वह पिता सत्यप्रकाश के साथ खेती में हाथ बंटाने लगा था। परिवार में माता-पिता और दो बहनें थीं। बहनों की शादी हो चुकी थी। आदित्य घर का इकलौता बेटा था।
सोमवार रात परिवार सामने आया और पूरी दास्तान बताई। पिता सत्यप्रकाश ने बताया- हमारा लड़का शिवानी नाम की एक लड़की के चक्कर में फंस गया था। उसकी पहले ही शादी हो चुकी थी। हमें जब इसकी जानकारी हुई तो हमने आदित्य को उससे दूर रहने के लिए समझाया था। इसके बाद शिवानी ने 19 जून को दूसरी जगह दूसरी शादी कर ली थी। लेकिन वहां से भी रिश्ता तोड़कर चली आई।
सत्यप्रकाश ने बताया- कुछ दिन बाद शिवानी दोबारा हमारे लड़के से बातचीत करने लगी। एक दिन लड़की के पिता राकेश ने फोन किया। कहा कि पांच लाख रुपए दो, तुम्हारे लड़के की हमारी बेटी से कोर्ट मैरिज करा देंगे।
। अगर पैसों का इंतजाम नहीं किया तो लड़की को काटकर फेंक देंगे और तुम्हारे पूरे परिवार को हत्या के केस में फंसा देंगे।यह कहते-कहते आदित्य के पिता सत्यप्रकाश फफककर रो पड़े। उन्होंने बताया कि 12 तारीख को शिवानी के बहनोई विमल ने आदित्य से 10 हजार रुपए अपने खाते में डलवाए थे। जिस दिन आदित्य की मौत हुई, उस दिन भी एक हजार रुपए डलवाए थे। सत्यप्रकाश ने बताया कि शिवानी ने मेरे बेटे को इस कदर अपने जाल में फंसा लिया था कि वह वही करता था, जो वो कहती थी। 18 जून को आदित्य ने शिवानी के कहने पर उसे 70 हजार रुपए की मार्केटिंग करवाई थी।
दो ऑडियो आए सामने
मामले से जुड़े कुछ ऑडियो सामने आए हैं। आदित्य की मौत से पहले उसके पिता से हुई बातचीत का एक ऑडियो भी सामने आया है। इसमें आदित्य अपने पिता से कहता सुनाई दे रहा है कि लड़की को राकेश ने भड़का दिया है और अब वह शादी से मना कर रही है।
आदित्य कहता है- मैं आपका बेटा बनकर लौटकर आऊंगा... आई लव यू पापा। इस दौरान उसके पिता उसे समझाते रहे और पैसों का इंतजाम करने की बात कहते रहे। कुछ देर बाद आदित्य ने फोन काट दिया। पिता ने दोबारा फोन किया तो तब तक वह खुद को गोली मार चुका था।