संवाददाता राजेश गुप्ता ब्यूरो चीफ बदायूं
वन्दे मातरम् के सामूहिक गायन से गूंजा शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर का प्रांगण
■ भैया-बहिनों, आचार्यों एवं अभिभावकों ने एक स्वर में गाया पूर्ण वंदे मातरम्; पंडित दीनदयाल उपाध्याय को किया नमन।
बदायूँ। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली से संबद्ध शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर, सिविल लाइन्स, बदायूँ में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर पूर्ण वंदे मातरम् के सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सैकड़ों भैया-बहिनों, आचार्य-आचार्याओं, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। सामूहिक गायन के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के व्यवस्थापक वीरेन्द्र पाल झा, प्रधानाचार्य सुशील कुमार एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी, राष्ट्रवादी उद्योग व्यापार मंडल (उ.प्र.) राजेश कुमार गुप्ता ने माँ सरस्वती के समक्ष सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कौशल किशोर पाठक ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे सरल व्यक्तित्व, राष्ट्रनिष्ठा, राजनीतिक चिंतन और पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले विचारक थे तथा एकात्म मानववाद के प्रणेता के रूप में उनका योगदान महत्वपूर्ण है।
विद्यालय के व्यवस्थापक वीरेन्द्र पाल झा ने कहा कि यदि बाल्यावस्था से ही बच्चों को राष्ट्रीय गीतों एवं राष्ट्रभाव से जोड़ने का नियमित अभ्यास कराया जाए, तो उनमें स्वाभाविक रूप से देश के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने कहा कि वंदे मातरम् भारतीय राष्ट्रभावना और देशभक्ति की प्रेरणा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। प्रत्येक भारतीय को इसके भाव को समझते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
पूर्व निर्धारित समय के अनुसार प्रातः 11:00 बजे विद्यालय के भैया-बहिनों, आचार्य-आचार्याओं, अभिभावकों एवं उपस्थित गणमान्यजनों ने एक साथ, एक लय और एक स्वर में पूर्ण वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। गायन के पश्चात ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से विद्यालय परिसर गूंज उठा।
विद्यालय मीडिया प्रभारी आचार्य लालाराम वर्मा ने बताया कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में एक समय, एक स्वर और एक लय में सामूहिक गायन के निर्धारित व्यापक अभियान की कड़ी के रूप में विद्यालय में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य नरेश पाल सिंह, राजीव कुमार सिंह, सुबोध मिश्रा, राकेश मिश्रा, भोलेनाथ पाठक, अविलेश यादव, निरंजन सिंह, रूपेन्द्र सिंह, राहुल शर्मा, लालाराम वर्मा, देवेन्द्र सक्सेना एवं आचार्या बहिन कंचन गुप्ता, रिया राजपूत, ज्योत्सना सिंह, प्रियंका सिंह, सुमन शर्मा, कु. आयुषी, पूजा शर्मा, अंचल पाठक, नूतन सहित अनेकों अभिभावक एवं गणमान्य उपस्थित रहे।