संवाददाता सर्वेश कुमार गुप्ता बगरैन
बगरैन में विश्व हिंदू महासंघ ने निकाली भगवान श्री गणेश और कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति शोभायात्रा
बगरैन : कस्बा में ग्यारहवें गणेश चतुर्थी महोत्सव के पावन अवसर पर परंपरागत तरीके से सोमवार को विश्व हिंदू महासंघ के नेतृत्व में एक भव्य और आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। गणेशोत्सव और श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति को लेकर कस्बे में खासा उत्साह देखने को मिला।
सोमवार को गणेश चतुर्थी महोत्सव के मुख्य आयोजक प्रिंस देव शर्मा के आवास से शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ। यात्रा में शामिल बरेली का प्रसिद्ध 'गब्बर डीजे' और मनमोहक सुंदर झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनकी धुनों और दृश्यों ने उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ढोल-ताशों की गूंज और गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा कस्बा गूंज उठा।
शोभायात्रा बगरैन के मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरी। इस दौरान कस्बा में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर और गुलाल उड़ाकर गणेश जी की पालकी व शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह भक्तों ने प्रसाद वितरण भी किया।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक उल्लास के इस माहौल में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौकी प्रभारी संदीप गुप्ता का सहयोग इस दौरान अत्यंत सराहनीय रहा, जिनकी देखरेख में शोभायात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।