संवाददाता नेत्रपाल सिंह बहजोई
सेवा समर्पण अभियान के तहत ‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित*
बहजोई: बीएमबीएल जैन कॉलेज, बहजोई में सेवा समर्पण अभियान के अंतर्गत ‘सपनों का भारत’ विषय पर प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष विकास वार्ष्णेय ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्र निर्माण, सेवा, समर्पण और युवा शक्ति की भूमिका के बारे में संबोधित किया।
मुख्य वक्ता विकास वार्ष्णेय ने कहा कि भारत का भविष्य आज के युवाओं के संकल्प, संस्कार और कर्मठता पर निर्भर है। युवा केवल अपने व्यक्तिगत लक्ष्य निर्धारित न करें, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी अपनी जिम्मेदारी को समझें। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, संस्कारित और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक का निर्माण करना भी है। युवाओं में सेवा की भावना, अनुशासन, नवाचार और आत्मनिर्भरता का भाव विकसित होगा तो भारत को विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सपना साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में बहजोई महाविद्यालय के प्रबंधक नीरज वार्ष्णेय ने भी उपस्थित अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। वहीं बीएमबीएल जैन कॉलेज के निदेशक संभव जैन ने ‘सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत को परम वैभव की ओर ले जाने का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्व को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश की सबसे बड़ी शक्ति है और शिक्षा, संस्कार, सेवा तथा समर्पण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने मुख्य वक्ता सहित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य मेधाव्रत, फार्मेसी विभागाध्यक्ष नागेश कुमार, अखिलेश कुमार, कुश नंदन, मेधावी आर्य, रुचि गुप्ता, नव्या गुप्ता, सोनम यादव, शैवाली वार्ष्णेय, अंजली गुप्ता, दिया, कशिश, शिवांगी गौतम सहित कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।