*बदायूँ में विकास की पोल खोलता कीचड़ भरा रास्ता, ग्रामीणों का चलना दुश्वार*
*रसूलपुर कला में गंदे पानी और कीचड़ से ग्रामीण परेशान, संक्रामक रोग फैलने की आशंका, प्रशासन से लगाई गुहार*
*बदायूँ / दहगवां -* उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूँ के विकास खंड दहगवां अंतर्गत गांव रसूलपुर कला, मोहल्ला मोड़ई में ग्रामीणों का बुरा हाल है। गांव के मुख्य रास्ते पर महीनों से कीचड़ और गंदा पानी भरा होने के कारण ग्रामीणों का निकलना दुश्वार हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि नाली की निकासी न होने और सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर भर गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार तो बाइक और साइकिल सवार फिसल कर गिर जाते हैं।
गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। ग्रामीणों ने संक्रामक रोग फैलने की आशंका जताई है। कई बार प्रधान और ब्लॉक के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विकास खंड अधिकारी से मांग की है कि जल्द से जल्द नाली की सफाई कराकर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए और रास्ते पर मिट्टी / खड़ंजा डलवाकर आवागमन सुचारु किया जाए।
*ग्रामीणों की मांग -*
1. तत्काल गंदे पानी की निकासी कराई जाए।
2. नाली और सड़क की सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
3. कीचड़ भरे रास्ते पर मिट्टी डालकर चलने लायक बनाया जाए
राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट ब्यूरो चीफ बदायूं