जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत एक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
संवाददाता नेत्रपाल सिंह
बहजोई महाविद्यालय, बहजोई में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वाधान में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत एक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय परिवार एवं युवाओं को ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूक करना था।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वीरेन्द्र कुमार गुप्ता ने महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के खिलाफ डटकर मुकाबला करने तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी बरतने और सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई । प्राचार्य ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के विकास और सुशासन के लिए पारदर्शिता और ईमानदारी सबसे बुनियादी आवश्यकता है। भ्रष्टाचार एक दीमक की तरह है जो समाज को अंदर से खोखला करता है, इसलिए युवा पीढ़ी को इसके खिलाफ आगे आना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में उच्च नैतिक मूल्यों को अपनाएं और समाज में जागरूकता का प्रसार करें।
इस अवसर पर महाविद्यालय की डॉ. गीता, संजय कुमार, गौरव वार्ष्णेय, नेमपाल सिंह, यशपाल सिंह, रामतीर्थ, सत्येन्द्र कुमार, डॉ. बलवीर सिंह, डॉ. ओमप्रकाश सिंह, प्रीति शर्मा, पूजा शर्मा, दीप्ति रानी, भगवान सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।