संवाददाता राहुल शर्मा चीफ एडिटर बदायूं
सीएमओ डॉ. विकास शर्मा के आदेश पर विशेष अभियान, पांच प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी
बदायूं। जिले में अवैध चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सीएमओ डॉ. विकास शर्मा के आदेश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को गठित तीन सदस्यीय जांच टीम ने छापेमारी कर छह चिकित्सा प्रतिष्ठानों को सील कर दिया, जबकि पांच प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से चिकित्सा प्रतिष्ठान संचालकों में खलबली मच गई।
सीएमओ कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जांच दल में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीमोहन झा, डॉ. पवन कुमार जायसवाल और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनीत कुमार शामिल रहे। टीम ने सदर क्षेत्र और बिसौली तहसील में संचालित चिकित्सा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान आवश्यक मानकों और नियमों के अनुपालन की जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान साधरा हॉस्पिटल, नवादा; सिया आरोग्यम हेल्थकेयर सेंटर, सैदपुर; राम डिजिटल एक्स-रे; सिद्धि विनायक डिजिटल एक्स-रे; मेडिकेयर अस्पताल, बिसौली; और शर्मा जी डेंटल क्लीनिक, वजीरगंज को सील किया गया। इसके अलावा पांच अन्य प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर आवश्यक जवाब मांगा गया।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों के विरुद्ध चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य चिकित्सा सेवाओं में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना और मरीजों के हितों की रक्षा करना है।