*अकबराबाद चौराहे पर रोडवेज के दो ड्राइवर भिड़े, घंटों जाम से लोग परेशान*
संवाददाता प्रदीप कुमार की रिपोर्ट सहसवान
*सहसवान (बदायूं)।* सहसवान के व्यस्ततम अकबराबाद चौराहे पर गुरुवार को रोडवेज की दो बसों के चालकों में जमकर मारपीट हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदायूं डिपो से दिल्ली जा रही दोनों बसों में सवारी भरने को लेकर कहासुनी हुई थी।
कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों ड्राइवर बसों को सड़क के बीचों-बीच रोककर आपस में भिड़ गए। इस दौरान चौराहे पर दोनों ओर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और लंबा जाम लग गया।
करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम में फंसे यात्रियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों चालकों को समझा-बुझाकर बसों को हटवाया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।