बदायूं: KYC के नाम पर महिलाओं से वसूली का आरोप, समूह सखी पर फर्जी हस्ताक्षर से रकम निकालने का भी दावा
जगत ब्लॉक के नरेली माहोरा गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने लगाए गंभीर आरोप, विरोध करने पर गाली-गलौज और समूह से निकालने की धमकी देने की बात कही
बदायूं। जिले के ब्लॉक जगत क्षेत्र के नरेली माहोरा गांव में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने समूह सखी चंद्र प्रभा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिलाओं का आरोप है कि केवाईसी (KYC) के नाम पर उनसे 30, 150, 250 रुपये से लेकर 1,000 रुपये तक की रकम ली जा रही है।
जय अंबे महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का दावा है कि समूह सखी द्वारा कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कर करीब दो लाख रुपये की धनराशि निकाल ली गई। महिलाओं का कहना है कि जब उन्होंने इस मामले का विरोध किया और पैसों के संबंध में जानकारी मांगी, तो उनके साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की गई।
समूह की महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि निर्धारित रकम नहीं देने पर उन्हें समूह से बाहर करने की धमकी दी जाती है। महिलाओं के मुताबिक, समूह की बैंक पासबुक भी समूह सखी चंद्र प्रभा के पास ही रहती हैं, जिससे उन्हें अपने खाते के लेनदेन और धनराशि की जानकारी प्राप्त करने में परेशानी होती है।
महिलाओं का कहना है कि स्वयं सहायता समूहों का उद्देश्य उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है, लेकिन यदि केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली या बिना सहमति के धन निकासी हुई है, तो यह गंभीर जांच का विषय है।
इस मामले में महिलाओं ने संबंधित अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, बैंक खातों के लेनदेन का सत्यापन करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है इस मौके पर रोशनी, कुसुम, रचना, ओमवती, विद्यावती, समीक्षा, नीरज शाक्य, शिखा, दिशा सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।
राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट ब्यूरो चीफ बदायूं से