फरीदपुर (बरेली)। महिला के कान से कुंडल लूटकर फरार हुए आरोपी को फरीदपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 32 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक और लूटा गया पीली धातु का कुंडल बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को सुनील निवासी ग्राम कमालपुर पालपुर, थाना कैंट अपनी पत्नी ईशु के साथ बाइक से ससुराल मोहल्ला कानून गोयान, फरीदपुर जा रहे थे। शाम करीब पांच बजे दशमेश ढाबे के पास बाइक सवार अज्ञात व्यक्ति उनकी पत्नी के कान से कुंडल खींचकर फरार हो गया था। सुनील की तहरीर पर थाना फरीदपुर में मुकदमा संख्या 833/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में मिले चेहरे की पहचान के लिए यक्ष एप की 'चेहरे से खोजें' तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान देवराज पुत्र श्याम सिंह निवासी ग्राम बकैनिया, थाना फरीदपुर के रूप में की।
सोमवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि कुंडल लूट की घटना में शामिल आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में ग्राम उगनपुर के आसपास बाइक से घूम रहा है। इस पर एसओजी-2 और फरीदपुर पुलिस की टीम ने ग्राम मोहनपुर के पास कच्ची नहर पटरी पर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान सुबह करीब 7:30 बजे सामने से बाइक पर आ रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बाइक सवार घायल होकर गिर पड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम देवराज बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से तमंचा, कारतूस, बाइक और लूटा गया कुंडल बरामद हुआ।
पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की बाइक के चेसिस नंबर की ई-चालान एप से जांच की तो उसका पंजीकरण नंबर यूपी-25-ईडी-6693 निकला। आरोपी ने पूछताछ में 30 अक्टूबर को दशमेश ढाबे के पास महिला के कान से कुंडल लूटने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार देवराज के खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट ब्यूरो चीफ बदायूं से