गेंहूँ की फ़सल की कटाई तथा गन्ना बकाया भुगतान होने तक रोकी जाए ऋण बसूली : शंखधार
रामपुर/उत्तर प्रदेश
रामपुर (एन 24):भारतीय किसान संघ रामपुर के जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने प्रेस नोट ज़ारी करके कहा है, कि वर्तमान समय में किसानों की गेंहूँ की फ़सल तैयार खड़ी है और अति शीघ्र कटाई भी प्रारम्भ होने बाली है।
साथ ही सरकारी क्रय केन्द्रों पर भी तौल हेतु सभी व्यवस्थाओं को भी जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण कर लिया गया है। जहाँ पर अति शीघ्र ही किसान अपनी फ़सल को सरकारी क्रय केन्दों पर तौल कराएँगे और ज़ल्द ही उनको उसका दाम भी प्राप्त हो सकेगा।
गन्ना किसानों का जनपद रामपुर की दो शुगर मिलों पर लगभग 152 करोड़ भी बकाया है। इसी बीच जिला प्रशासन रामपुर द्वारा अपने राजस्व विभाग को निर्देशित किया गया है कि वह किसानों से ऋण बसूली करने में तेज़ी लाएं जिस पर राजस्व विभाग ने अपने इस कार्य में तेज़ी दिखाते हुए किसानों को उनके घरों से उठाकर तहसील में लाकर बैठा रहे हैं।
जिसको लेकर किसानों को परेशानी हो रही है। इसलिए भारतीय किसान संघ, जिला प्रशासन रामपुर से अनुरोध करता है कि फ़सल की कटाई तथा गन्ना बकाया भुगतान होने तक किसी भी किसान को बेवजह परेशान न किया जाए।
हाँ यह आवश्यक है कि किसान को उसके घर पर ऋण बसूली के ताक़दा हेतु सम्बन्धित कर्मचारियों को अवश्य भेजा जाए लेकिन किसी भी किसान को प्रताड़ित न किया जाए। तथा उसे किसी भी क़ीमत पर तहसील में लाकर बन्द न किया जाए।
अगर ऐसी कोई भी सूचना भारतीय किसान संघ को प्राप्त होती है कि किसी किसान को उसके घर से ज़बरदस्ती लाकर तहसील में बैठाया गया है तो भारतीय किसान संघ आन्दोलन करने को बाध्य होगा। जिसकी ज़िम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।