भीषण गर्मी में बूंद बूंद पानी को तरस रहे हैं लोग, अधिकारी बेख़बर : शंखधार
रामपुर/उत्तर प्रदेश
रामपुर(एन 24):मिलक, भारतीय किसान संघ रामपुर के जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने उपजिलाधिकारी मिलक को पत्र लिखकर क्षेत्र में बन्द पड़े शीतल पेय जल प्याऊ को जल्द से जल्द चालू कराए जाने की मांग की है।
जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार को जानकारी मिली कि नगर मिलक में रेलवे फाटक के पास पटवाई रोड पर क्षेत्रीय विधायक राजबाला सिंह और बामेश्वर महादेव मंदिर रठौंडा पर क्षेत्रीय विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री बलदेव सिंह औलख के द्वारा आम जनता को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य शीतल पेय जल के प्याऊ लगवाए गए हैं लेकिन कुछ समय चलने के बाद ही यह दोनों बन्द हो गए हैं।
जिनमें सरकार द्वारा लाखों रुपए खर्च किए गए हैं लेकिन उसका लाभ आम जनता को नहीं मिल पा रहा है। रेलवे फाटक मिलक के पास लगे हुए प्याऊ की हालत बहुत ही ख़राब है लेकिन किसी भी अधिकारी व कर्मचारी की नज़र इस पर नहीं पड़ रही है।
जबकि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है और राहगीरों को पानी की आवश्यकता होती है लेकिन वह प्याऊ तक जाते हैं उसके बाद मायूस होकर लौटना पड़ता है। जबकि दोनों क्षेत्रीय विधायकों द्वारा जनहित में अच्छा कार्य किया गया है लेकिन सम्बन्धित विभाग के अधिकारी अपनी नींद से नहीं जाग रहे हैं।
उपजिलाधिकारी मिलक से जनहित में दोनों प्याऊ अति शीघ्र चालू कराने हेतु अनुरोध किया गया है।