नहाने गए दो मासूमों की तालाब में डूबकर हुई मौत
रामपुर/उत्तर प्रदेश
रामपुर (एन 24): अहरों की गोटिया गांव के दो मासूम मुकेश व मुस्तफा की तालाब में डूबकर मौत हो गई। दोनों मासूमो की मौत से परिजनों के साथ साथ पूरा गांव सदमे में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा भरकर परिजनों के सुपुर्द किया।
घटना जनपद रामपुर के खजुरिया थाना क्षेत्र के अहरों की गोंटिया गांव की है, जहां गांव निवासी सब्जी विक्रेता नारायणदास पाल का 7 वर्षीय बेटा मुकेश कुमार पाली तथा गांव का ही पेशे से मजदूरी करने वाले श्रमिक शब्बू खान उर्फ हसीब खां का बेटा मुस्तफा(10) बीते बुधवार की शाम करीब 4 बजे गांव के ही तालाब में नहाने गए थे।
साथ में मुकेश की छोटी बहिन प्रीति(8) भी साथ गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बालक नहाने के लिए तालाब में घुसने लगे। उनके साथ गई प्रीति तालाब के किनारे ही खड़ी रही। तालाब में आगे आगे मुकेश एवं पीछे से मुस्तफा गया।
दोनों गहरे पानी में जाने से डूबने लगे। भाई को डूबता देख छोटी बहन प्रीति ने शोर मचाया। प्रीति का शोर सुनकर आसपास के लोग भी दौड़ कर मौके पर पहुंच गए एवं दोनों को पानी से बाहर निकाला।
लेकिन जब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। उधर सूचना पर दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों बच्चों के शवों का पंचनामा भरकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
खजुरिया थाना प्रभारी विनय कुमार के अनुसार अहरों की गोटियां गांव में दो बच्चे तालाब में नहाने के दौरान डूब गए थे। परिजनों के पोस्टमार्टम को मना करने पर दोनों के शवों को पंचनामा भरकर उनके परिजनों को सौंप दिया।