शिक्षा विभाग कर रहा है बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ : शंखधार
रामपुर/उत्तर प्रदेश
रामपुर (एन 24):मिलक।भारतीय किसान संघ रामपुर के जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार के नेतृत्व में किसानों ने तहसील मिलक पहुंच कर उपजिलाधिकारी देवेन्द्र प्रताप के माध्यम से एक ज्ञापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजकर शिक्षा विभाग द्वारा अति शीघ्र प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को किताबें उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई है।
जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने बताया कि जनपद रामपुर के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों का शैक्षिक सत्र 2022-23 जो कि दिनांक 01 अप्रैल 2022 से प्रारम्भ हो चुका है लेकिन अभी तक पूरे जनपद रामपुर के किसी भी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में किसी भी प्रकार की कोई भी किताब नहीं पहुँच सकी है जिससे बच्चों का कोर्स लगभग चार माह पीछे पहुँच चुका है।
जबकि सरकार की मंशा साफ़ है कि निपुण भारत के अंतर्गत बच्चा अपने निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति करे लेकिन जब बच्चों को समय से पुस्तकें ही उपलब्ध नहीं हो सकेंगी तो ऐसे में निर्धारित लक्ष्य को पूरा करना कैसे सम्भव होगा।
अगर विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को शिक्षा विभाग शैक्षिक सत्र प्रारम्भ होने के चार माह पूरे होने तक पुस्तकें ही उपलब्ध नहीं करा पाता है तो बच्चे अपनी पढ़ाई किस प्रकार से पूरी कर सकेंगे।
यह कहीं न कहीं शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही प्रतीत होती है जिससे कि देश के होनहार बच्चों का भविष्य अधर में होता दिखाई दे रहा है। इसलिए भारतीय किसान संघ रामपुर उत्तर प्रदेश सरकार से अनुरोध करता है कि जनपद रामपुर के सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करने बाले सभी बच्चों को सभी किताबें तथा शासन से मिलने वाली अन्य सभी सुविधाएं ससमय उपलब्ध कराई जाएं जिससे कि बच्चे ससमय उन योजनाओं का लाभ ले सकें।
इस मौके पर ब्रह्मशंकर पाण्डेय, विमल सिंघल, अरविन्द गंगवार, हुलास राय, रमेश गंगवार, इकराम खां, भूरा आदि किसान मौजूद रहे।