दबतोरी रेलवे स्टेशन के सामने पथराव व फायरिंग
दबतोरी (बदायूं)। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात दबतोरी रेलवे स्टेशन के सामने आठ-दस लोगों ने एक युवक को घेर लिया। उस पर पथराव कर दिया और फायरिंग कर दी। उन्होंने पथराव करके एक महिला समेत तीन लोगों को घायल कर दिया। भीड़ ने एक आरोपी को दबोच लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
मामला शुक्रवार रात करीब आठ बजे का है। बताते हैं कि उस वक्त दबतोरी निवासी सोनू पुत्र सत्यवीर यादव रेलवे स्टेशन के नजदीक डेयरी पर दूध देने जा रहा था। परिवार वालों के मुताबिक एक सप्ताह पहले सोनू के पक्ष का दूसरे पक्ष से विवाद हो गया था। उसमें मारपीट भी हुई थी,
जिसमें दोनों ओर से बिसौली कोतवाली में एफआईआर दर्ज है। उसी रंजिश को लेकर दूसरे पक्ष के आठ-दस लोगों ने सोनू को घेर लिया। उसके ऊपर पथराव कर दिया। यह देखकर भैंसों को चारा डालकर लौट रही सोनू की भाभी धारावती बचाने को भागी,
लेकिन हमलावरों ने ईंटमारकर उसको घायल कर दिया। इसमें सोनू के अलावा दिग्विजय सिंह भी घायल हुआ है।
बताते हैं कि हमलावरों ने पथराव के बाद फायरिंग भी की। तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती। तब तक आरोपी मौके से भाग गए
लेकिन भीड़ ने एक आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया। वह कोतवाली क्षेत्र के ही गांव परसेरा का बताया जा रहा है। फिलहाल उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने उसी वक्त आरोपियों की तलाश में दबिश दी लेकिन अन्य आरोपी मौके से भाग गए।