सराफा बाजार में 20 फीसदी तक बढ़े गुलाबी नोट |
संवाददता आकाश बाबू
बदायूं। आरबीआई के निर्देश पर बैंकों में मंगलवार से दो हजार के नोट बदलने शुरू हो गए। माना जा रहा था कि नोट जमा करने वालों की भीड़ उमड़ सकती है, लेकिन बैंकों में कामकाज सामान्य रूप से ही हुआ।
हालांकि सराफा कारोबारियों के यहां इसका कुछ असर दिखाई दिया। लोग आभूषण खरीदने के बहाने दो हजार के नोट खपाते नजर आए। कारोबारियों के मुताबिक, 20 फीसदी खरीदारी इन्हीं गुलाबी नोट से की जा रही है।
सोने-चांदी के रेट बढ़ने की वजह से लोगों ने फिलहाल धीरे-धीरे आभूषणों की खरीदारी कम कर दी थी, लेकिन पिछले दो-तीन दिन से लोगों ने फिर से सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी शुरू कर दी है।
खरीदारी के दौरान ग्राहकों द्वारा सराफा व्यापारियों को अधिकांशत: दो-दो हजार के नोट दिए जा रहे हैं। हालांकि खरीदारी ज्यादा नहीं बढ़ी है, लेकिन मामूली सा असर जरूर दिखाई दे रहा है।
कारोबारियों का कहना है कि जो लोग पहले पांच सौ के नोट प्रयोग कर रहे थे, अब वह अपने पास पड़े दो हजार नोट पहले खपा रहे हैं।
दो हजार के नोट का असर बाइक बाजार पर दिखाई नहीं दिया। यहां पर जो भी लोग पहुंचे रहे थे, अधिकांश ऑनलाइन पेमेंट कर रहे थे। जो लोग नकद में खरीदारी कर रहे हैं, उनमें भी अधिकांश लोग पांच-पांच सौ के नोट ही ला रहे हैं।
दो पहिया वाहन व्यापारी अनमोल गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को दो हजार का नोट कम ही खरीदारी में सामने आया।
देहात क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर दो हजार के नोट नहीं चलने की समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। मंगलवार को भी कई जगहों पर पंपकर्मी आनाकानी करते देखे गए।
कई जगहों पर नोकझोंक के बाद नोट ले लिए गए तो कहीं ग्राहक को पहले ही पूछकर लौटा दिया गया। दरअसल, देहात क्षेत्र के लोग बैंक जाने से परहेज कर रहे हैं।