UPSC CSE 2022 Final Result: एटा के अजय ने तीसरे प्रयास में हासिल की सफलता, पिता ने बताई उनके संघर्ष की कहानी
उत्तर प्रदेश के एटा के रहने वाले अजय यादव ने सिविल सेवा 2022 परीक्षा में सफलता हासिल करके माता-पिता व जिले का नाम रोशन किया है।
इससे पहले वह पीपीएस के लिए चयनित हुए थे। उसमें उन्हें डीएसपी का पद मिला था। हालांकि उन्होंने उसे ज्वॉइन नहीं किया था। उनका लक्ष्य आईएएस बनने का था। वह लगातार इसके लिए मेहनत कर रहे थे।
मंगलवार को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) का रिजल्ट जारी हुआ तो उसमें सफलतम परीक्षार्थियों की सूची में अजय का भी नाम शामिल था। रिजल्ट देखकर अजय खुशी से झूम उठे। उनकी इस सफलता पर परिवार के लोग भी काफी खुश हैं।
माता-पिता के साथ ही रिश्तेदार, मित्र और पड़ोसियों ने उन्हें सफलता की शुभकामनाएं दीं।
तीसरे प्रयास में हासिल की सफलता
अजय मूल रूप से जैथरा ब्लॉक क्षेत्र के कटिघंरा गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में उनका परिवार शहर क्षेत्र के द्वारिकापुरी में रह रहा है। उनके पिता जितेंद्र यादव एडवोकेट हैं। पिता ने बताया कि बेटे कू सफलता पर उन्हें व पूरे परिवार को गर्व है। बताया कि अजय ने तीसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की है।
दिल्ली जाने की तैयारी कर रहा परिवार
पिता जितेंद्र ने बताया कि अजय दिल्ली से आईआईटी करने के दौरान ही सिविल सर्विस की तैयारी शुरू कर दी थी। इस समय भी वह दिल्ली में हैं। बताया कि परिवार के सभी लोग अयज से मिलने दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्हें मिलकर बधाई देंगे। सभी लोग साथ में इस खुशी को सेलिब्रेट करेंगे।
इन परीक्षार्थियों का हुआ चयन
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा 2022 परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। यूपीएससी सिविल सर्विसेज परीक्षा के फाइनल रिजल्ट में कुल 933 उम्मीदवार नियुक्ति के लिए चयनित किए गए हैं।