मेरठ:- हाइटेंशन लाइन की चपेट में आई कांवड़, 20 झुलसे, चार की मौत
उत्तर प्रदेश के जनपद मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के राली चौहान गांव निवासी संजू और प्रदीप अपने साथियों के साथ शनिवार रात ट्रैक्टर ट्रॉली द्वारा डाक कांवड़ लेकर हरिद्वार से गांव जा रहे थे। गांव से बाहर मेरठ-किला रोड पर कांवड़ देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जमा थी।
बताया गया कि जब वह किला मार्ग से राली चौहान गांव की ओर मुड़े तो साउंड सिस्टम की ट्रॉली और कांवड़ ऊपर से जा रही हाइटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। जिससे पूरी ट्रॉली में करंट दौड़ गया
और तमाम कांवड़िये व आसपास मौजूद झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह घायलों को ट्रॉली से अलग किया। करीब 20 घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। इनमें से दो भाईयों हिमांशु और प्रशांत समेत चार की मौत होने की पुष्टि की गई है।
वहीं, अन्य घायलों को गंगानगर के आईआईएमटी और मेरठ के आनंद अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटना के विरोध में हंगामा करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया।