मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी नहीं मिल पा रही है सहायता राशि
रामपुर (मिलक), भारतीय किसान संघ रामपुर के जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार के नेतृत्व में किसानों के एक प्रतिनिधि मंडल ने तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी मोनिका सिंह को एक ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया है कि 11 जुलाई 2022 को बिजली विभाग मिलक की घोर लापरवाही के कारण ग्राम तिराह की गौटिया में नलकूप की बिजली की
लाइन में करंट आ जाने से तीन निर्दोष व्यक्तियों की मृत्यु हो गई थी। जिसके सम्बन्ध में उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री द्वारा चार-चार लाख रुपए प्रति व्यक्ति आश्रित परिवार को सहायता राशि दिए जाने की घोषणा की गई थी।
जिसे एक वर्ष से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी यह सहायता राशि मृतकों के परिवार जनों को नहीं मिल सकी है। जिससे मृतकों के परिवारों में सरकार के प्रति बहुत निराशा है।
जबकि उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री द्वारा घोषणा करने के बाद किसी भी कार्य में बिलंब नहीं किया जाता है ऐसा हमें भरोसा है। लेकिन यह लापरवाही कहीं न कहीं बिजली विभाग मिलक द्वारा अवश्य ही की जा रही है जिस कारण ही मृतकों के परिवार जनों को सहायता राशि मिलने में परेशानी हो रही है।
भारतीय किसान संघ द्वारा ज्ञापन सौंपकर आग्रह किया गया है कि तीनों मृतकों के परिवार जनों को मुख्यमंत्री सहायता राशि के चार-चार लाख रूपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से अति शीघ्र दिलाए जाने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित करने का कष्ट करें।