निराश्रित गौवंशों की उचित व्यवस्था करने में प्रशासन है विफल : शंखधार
रामपुर(मिलक)। भारतीय किसान संघ रामपुर के जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने बताया है कि उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा था कि निराश्रित गौवंशों से शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रही समस्या से निजात दिलाने के लिए एक नवम्बर से 31 दिसम्बर तक
अभियान चलाकर निराश्रित गौवंशों को गौ संरक्षण केन्द्रों में भेजा जाएगा। लेकिन मंत्री के ब्यान का असर हमारे जनपद रामपुर में दिखाई नहीं पड़ रहा है।
जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में सड़कों पर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के खेतों पर गौवंशों के झुण्ड के झुण्ड देखने को मिलेंगे। जिला रामपुर में ऐसा कोई भी ऐसा अभियान अभी तक नहीं चलाया गया है
जिसमें कि निराश्रित गौवंशों को पकड़ कर गौ संरक्षण केन्द्रों में भेजा गया हो। इससे साफ़ प्रतीत होता है कि प्रशासन सरकार की बात पर ध्यान नहीं दे रहा है। जबकि किसान व आम जनता निराश्रित पशुओं से बहुत परेशान है। आए दिन सड़कों पर हादसे हो रहे हैं
क्षेत्र में गौकशी की घटनाएं सामने आ रही हैं और किसानों की फसलें तबाह हो रही हैं लेकिन अधिकारी चैन से अपने कार्यालयों में बैठे हुए हैं किसी को भी किसानों की चिंता नहीं है।