द्वारिका कॉलोनी में नाले की सफाई के दौरान सफाई कर्मी को मिला नवजात का शव, पुलिस जांच में जुटी
कोटा (राजस्थान)। रामगंज मंडी शहर की द्वारिका कॉलोनी में नाले की सफाई के दौरान सफाई कर्मी को एक नवजात का शव मिला है। जिसे देख एक बार तो सफाईकर्मी भी सहम गया।
इसके बाद कर्मी ने हिम्मत कर नवजात के शव को नाले से निकाल कर कॉलोनीवासियों को बुलाया। नवजात का शव देख कॉलोनी में हड़कंप मच गया। ऐसे में सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
जिन्होंने नवजात के शव की वीडियोग्राफी कर शव को कब्जे में लेकर सीएचसी रामगंज मण्डी की मोर्चरी में रखवाया गया है। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सफाई कर्मी भारत कुमार ने बताया कि पालिका ने द्वारिका कॉलोनी की साफ सफाई का जिम्मा दिया हुआ है। रोजाना की तरह पालिका गाड़ी में नालियों से निकलने वाले कचरे को डाल रहे थे।
ऐसे में शिव मंदिर के सामने बने नाले में पावड़ी चलाकर कचरा बाहर निकालने लगे। पावडी में कुछ महसूस हुआ। उसके बाद पावड़ी को ऊपर उठाया तो उसमे एक नवजात शिशु का शव लिपटा हुआ मिला।