बेटी के साथ कालेज जा रहे पिता की सड़क हादसे में हुई मौत, हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम
रामपुर। बेटी के साथ कालेज जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। मौत से घर मे कोहराम मच गया। पिता की मौत से पुत्री बेसुध हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताते चलें कि आज मंगलवार को जनपद के मिलक थाना क्षेत्र के मोहल्ला शाहूजी नगर निवासी रामभजन लाल आर्य (55) सुबह 11 बजे अपनी पुत्री रिया के साथ बरेली जिले के मीरगंज स्थित अनूबिस डिग्री कालेज के लिए निकले थे।
प्राइवेट वाहन से दोनों कालेज के सामने हाईवे पर उतर गए। हाईवे पार करते समय बरेली की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने रामभजन को टक्कर मार दी। टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे से हाईवे पर जाम लग गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में रामभजन को अस्पताल पहुंचाया।
जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचनामा भरा तथा पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।