मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
रामपुर। सिविल लाइंस पुलिस ने पंजाबनगर गांव में लूटपाट करने वाले एक और आरोपी ओमकार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में घायल बदमाश पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
बिलारी थाना क्षेत्र के मंगूपुरा निवासी बदमाश पर मुरादाबाद और रामपुर में 21 मुकदमे दर्ज हैं। गोली लगने से घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पंजाबनगर गांव में पिछले माह तीन घरों में घुसकर बदमाशों ने लूटपाट की थी। लूटपाट की इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की धरपकड़ शुरू की थी।
पुलिस अब तक तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को आधी रात में क्षेत्र के आश्रम पद्धति इंटर काॅलेज रोड के पास से बाइक सवार बदमाश की घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर बदमाश ने भागने की कोशिश की और बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग भी की।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, उसके पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया
गया। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश मुरादाबाद के बिलारी का निवासी है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।