फिर बदलेगा मौसम... दो-तीन दिन बारिश के आसार

Notification

×

All labels

All Category

All labels

फिर बदलेगा मौसम... दो-तीन दिन बारिश के आसार

Wednesday, February 7, 2024 | February 07, 2024 Last Updated 2024-02-07T12:42:24Z
    Share
फिर बदलेगा मौसम... दो-तीन दिन बारिश के आसार

बदायूं। मंगलवार को सुबह से ही धूप निकली, इससे लोगों को राहत मिली। आने वाले दिनों में एक बार फिर मौसम पलटने के आसार बन रहे हैं। कहीं बूंदाबांदी तो कहीं बारिश हो सकती है।

जनवरी में जहां धूप के नाममात्र को दर्शन हुए थे वहीं फरवरी का मौसम उतार-चढ़ाव वाला रहा। शुरुआत में बारिश ने परेशान किया और सर्दी में इजाफा कर दिया तो शुक्रवार और शनिवार को धूप खिली रही। रविवार को बारिश के बाद सोमवार को भी बादल छाए रहे। जिले में कई जगह हल्की बूंदाबांदी भी हुई।

एक अनुमान के अनुसार मंगलवार को भी बारिश और बूंदाबांदी का अनुमान था लेकिन सुबह करीब साढ़े नौ बजे धूप निकली। इसके बाद धूप में तेजी आती गई और सर्दी से राहत मिली। सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 21.2 डिग्री सेल्सियस हो गया।

न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम के जानकारों के अनुसार, अभी दो तीन दिन बारिश या बूंदबांदी के आसार बन रहे हैं। बादल भी छाए रह सकते हैं।

 इसके बाद मौसम साफ होने का अनुमान है। बताया जा रहा है कि अगले सप्ताह से मौसम साफ हो सकता है जिसके बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाती रहेगी।
-
खराब मौसम से गड़बड़ाई बिजली व्यवस्था

लगातार खराब मौसम के चलते दो दिन बिजली व्यवस्था पर काफी प्रभाव पड़ा, जिससे कई जगहों पर बिजली आपूर्ति गड़बड़ा गई। शेड्यूल के हिसाब से बिजली संचालित नहीं हुई और कटौती भी की गई।

 कई मोहल्लों में कई-कई घंटे बिजली नदारद रही। हालांकि मंगलवार को व्यवस्था में सुधार हुआ और कुछ स्थानों पर ही कटौती हुई। इसके अलावा कचहरी और कार्यशाला उपकेंद्र पर अनुरक्षण कार्य के तहत आपूर्ति बंद कर दी गई। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। संवाद
-
आज 10 विद्युत उपकेंद्रों पर एक घंटे बाधित रहेगी बिजली

बुधवार को जिले में करीब एक घंटे तक 10 विद्युत उपकेंद्रों की बिजली बाधित रहेगी। अनुरक्षण कार्य के तहत बुधवार दोपहर 12 बजे से एक बजे तक 132 केवीए उपकेंद्र पर 33 केवीए मेन प्रथम और द्वितीय पर मरम्मत कार्य चलेगा। इसके चलते विद्युत उपकेंद्र 10 एमवीए, न्यू नवादा,

 पनबड़िया, मीरा जी की चौकी, ढाक वाली ज्यारत, दातागंज ग्रामीण, बिनावर, करौलिया, कचहरी और जिला अस्पताल की बिजली बाधित रहेगी। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता हरीश कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब एक घंटे तक आपूर्ति बाधित रहेगी।
CLOSE ADS
CLOSE ADS
close