ट्यूबवेल की कोठरी में युवक ने फंदे से लटककर की आत्महत्या
बुधवार दोपहर के समय ट्यूबवेल पर गया था युवक, आत्महत्या की वजह साफ नहीं
बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव वन बेहटा में बुधवार दोपहर 23 वर्षीय सुमित उर्फ काले ने अपने ट्यूबवेल की कोठरी में फंदे से लटककर जान दे दी। बृहस्पतिवार सुबह युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया ।
गांव वन बेहटा निवासी सुमित उर्फ काले पुत्र विनोद खेतीबाड़ी करता था। वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। परिवार वालों का कहना है कि बुधवार दोपहर सुमित घर से खाना खाकर खेत पर चला गया था। उसके बाद वह घर लौटकर नहीं आया।
शाम के समय उसका छोटा भाई पंकज खेत पर गया था। जब उसने ट्यूबवेल की कोठरी का दरवाजा खोला तो सुमित का शव फंदे से लटका देखकर उसके होश उड़ गए। सूचना पर परिवार वाले रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में गांव के तमाम लोग आ गए।
बाद में थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। परिवार वालों ने बताया कि घर में किसी प्रकार का युवक से विवाद भी नहीं हुआ था और न ही किसी से बाहर झगड़ा हुआ था। युवक ने आत्महत्या क्यों की, इससे परिवार वाले भी हैरान हैं।