जिलेभर के पांच हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने सरयू में स्नान के बाद रामलला के दर्शन किए
अयोध्या में भाजपाइयों ने किए रामलला के दर्शन
रामपुर। शुक्रवार को 106 बसों से अयोध्या गए जिलेभर के पांच हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सरयू में स्नान के बाद रामलला के दर्शन किए। दर्शन के बाद भाजपाई बेहद खुश दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वजह से ये संभव हो पाया है। भगवान राम के दर्शन का अभिभूत हूं।
अयोध्या में रामलला के दर्शन करने देशभर से लोग आ रहे हैं। जिले के लोगों में भी इसको लेकर उत्साह है। शुक्रवार की सुबह छह बजे पांच हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता अयोध्या गए थे। शहर के अलावा केमरी, बिलासपुर, स्वार, मसवासी, शाहबाद, मिलक, सैफनी, टांडा, सैदनगर, भोट समेत अन्य स्थानों से भी भारी संख्या में कार्यकर्ता रवाना हुए थे।
शुक्रवार रात में अयोध्या में विश्राम करने के बाद शनिवार सुबह सरयू में स्नान किया और फिर राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए। कार्यकर्ताओं ने दर्शन के बाद सोशल मीडिया पर फोटो शेयर किए। सभी ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद ये दिन आया है। हम सौभाग्यशाली हैं। राम मंदिर दर्शन समिति के जिला संयोजक अशोक विश्नोई ने बताया कि दर्शन करने वालों में 610 महिला कार्यकर्ता भी रहीं।
भाजपा कार्यकर्ता बोले
-भगवान राम के दर्शन पाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कभी सपने में भी नहीं सोचा था दर्शन हो पाएंगे। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वजह से ही संभव हो पाया है।
विवेक विश्नोई
-
-अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के बाद सुख की अनुभूति हुई है। दर्शन करने को लेकर काफी उत्साह था। कार्यकर्ता पूरी तरह उत्साह में थे। यह सब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ही देन है।
-सविता सक्सेना
-
-भगवान राम की कृपा व आशीर्वाद से अयोध्या में रामलला के दर्शन का मौका मिला। यह सब मोदी व योगी सरकार में ही संभव हो सका है। मंदिर दर्शन के बाद काफी शांति मिली है
रामलला के दर्शन करना बेहद ही सौभाग्य की बात है। श्रीराम की कृपा से अयोध्या दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। सपने में भी नहीं सोचा था कि ये दिन आएगा। आज बहुत खुशी है।