रामनगर से बिलारी तक का आसान होगा सफर
बरेली। रामनगर स्थित जैन तीर्थ के साथ रामपुर जिले के शाहाबाद और मुरादाबाद जिले के बिलारी तक का सफर आसान होने जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग ने भमोरा से शाहाबाद और बिलारी तक सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया है। विभाग का दावा है कि इसे अगले 15 महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
अफसरों ने बताया कि सड़क फिलहाल सात मीटर चौड़ी है। इसे अब 10 मीटर चौड़ा किया जाना है। अधिशासी अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि 46 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 149 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मार्ग के बनने से बरेली के लोगों को शाहाबाद, बिलारी और संभल के लिए एक नया रास्ता मिल जाएगा। संभल से मुरादाबाद, बबराला और अलीगढ़ के लिए भी कनेक्टिविटी मिलेगी।
सड़क के चौड़ीकरण के लिए पिछले पांच वर्षों से मांग चल रही थी, हाल में ही इसकी मंजूरी मिली है। काम शुरू हो गया है, चौड़ीकरण के बाद सफर की रफ्तार बढ़ेगी और हादसों का खतरा भी कम होगा
संवाददाता यशपाल सिंह