बेगम नूरबानो के टिकट के कयास से कांग्रेसी गदगद, आजम खां के गढ़ में सपा खामोश, रामपुर

Notification

×

All labels

All Category

All labels

बेगम नूरबानो के टिकट के कयास से कांग्रेसी गदगद, आजम खां के गढ़ में सपा खामोश, रामपुर

Tuesday, February 6, 2024 | February 06, 2024 Last Updated 2024-02-06T09:21:04Z
    Share
बेगम नूरबानो के टिकट के कयास से कांग्रेसी गदगद, आजम खां के गढ़ में सपा खामोश, रामपुर

लोकसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियां अपनी-अपनी तैयारी में जुट गई हैं। इस बीच रामपुर सीट से पूर्व सांसद बेगम नूरबानो को प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा से कांग्रेसियों में उत्साह है। दूसरी तरफ आजम के दबदबे वाली सीट पर इस कयास को बल मिलने से सपा कार्यकर्ता खामोश हो गए हैं


लोकसभा चुनाव में रामपुर सीट से पूर्व सांसद बेगम नूरबानो को इंडिया गठबंधन का प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा से कांग्रेसी गदगद हैं। वहीं सपाइयों ने इस पर चुप्पी साध रखी है। कांग्रेसियों का कहना है कि टिकट की घोषणा के बाद कार्यकर्ता पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे।

लोकसभा चुनाव के लिए सियासी घमासान शुरू हो चुका है। एक ओर जहां भाजपा चुनाव के लिए रणनीति तैयार कर रही है, वहीं दूसरी ओर विपक्षी दलों ने भी अपनी गतिविधियों को बढ़ाना शुरू कर दिया है। सपा और कांग्रेस इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं, वहीं बसपा ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।


इंडिया गठबंधन ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन गठबंधन में रामपुर लोकसभा सीट कांग्रेस की झोली में जाने की संभावना है। इसको लेकर कांग्रेस और सपा में बातचीत शुरू हो चुकी है। समाजवादी पार्टी यूपी में कांग्रेस को 11 सीट देने की बात कर रही है, लेकिन अभी इस पर सहमति नहीं बनी है।

फिलहाल कांग्रेस की ओर से रामपुर की सीट पर दावा ठोंका जा रहा है, जिसमें पूर्व सांसद बेगम नूरबानो का नाम तेजी से चर्चा में आया है। इस संभावना को देखते हुए कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई है। कांग्रेसी इससे खुश हैं, लेकिन सपा खेमे में खामोशी है।

सपा के पदाधिकारियों ने इस पर कुछ भी बोलने से इन्कार कर दिया। अब सब की नजर गठबंधन के अंतिम फैसले पर है।

पार्टी द्वारा जो भी तय किया जाएगा उसका सम्मान किया जाएगा। हाईकमान के आदेश के बाद ही चुनाव लड़ा जाएगा। चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश है और सभी पूरी तरह तैयार हैं। - बेगम नूरबानो, पूर्व सांसद

अभी स्थिति साफ नहीं है। पार्टी हाईकमान से आदेश मिलने के बाद कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ घोषित प्रत्याशी को चुनाव लड़ाएंगे। पार्टी का आदेश सर्वमान्य होगा। चुनाव को लेकर पार्टी की ओर से पूरी तैयारी है। - धर्मेंद्र देव गुप्ता, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस।
CLOSE ADS
CLOSE ADS
close