सम्भल।
सम्भल लोकसभा सीट 20 वर्ष पहले प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र मैदान में की थी जनसभा सन 2024 में किया मंदिर का शिलान्यास।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संभल में बीस साल पहले चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने तब भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े ओमवीर सिंह खड़गवंशी के समर्थन में प्रचार किया था। तब लोग उनके हेलीकॉप्टर को देखने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब 20 वर्ष पहले आए थे तो उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। उन्होंने संभल के कुरुक्षेत्र मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित किया था। उन्होंने एक धर्मस्थल का नाम लेकर कहा था कि वह हिंदुओं की धरोहर है।
यह कहना है भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भीष्म कुमार शर्मा का। 2004 में नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री हुआ करते थे। वह संभल लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाए गए ओमवीर सिंह खड़गवंशी के समर्थन में प्रचार करने के लिए आए थे।
उनका हेलीकॉप्टर कुरुक्षेत्र मैदान के सामने खाली पड़े मैदान में उतरा था। पूर्व जिलाध्यक्ष ने बताया कि मंच पर पहुंचने के बाद वह 40 मिनट तक लगातार बोलते रहे। नरेंद्र मोदी उस समय फायर ब्रांड नेता की छवि बनाए हुए थे।
हिंदुत्व पर जमकर बोलते थे। वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में सपा के प्रत्याशी प्रोफेसर रामगोपाल थे, बसपा से तरन्नुम अकील और भाजपा से ओमवीर सिंह खड़गवंशी मैदान में थे।
जब राष्ट्रीय परिवर्तन दल से डीपी यादव चुनावी मैदान में उतरे तो भाजपा प्रत्याशी को डमी प्रत्याशी बनाकर अफवाह फैलाई गई थी।
इसके चलते नरेंद्र मोदी के दौरे का लाभ नहीं मिला और सपा प्रत्याशी को जीत मिली थी। वहीं भाजपा प्रत्याशी की जमानत भी जब्त हो गई थी।
2009 में लोस चुनाव का प्रचार किया
2009 में नरेंद्र मोदी चंदौसी आए थे। उस समय उन्होंने सम्भल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी का प्रचार किया था। तीसरा दौरा इसी वर्ष 19 फरवरी को हुआ।