55 वर्षीय जलजीरा विक्रेता नरेश सक्सेना का शव उनके घर में फंदे से लटकता मिला
बिसौली। कस्बे की पिंदारा रोड कॉलोनी में 55 वर्षीय जलजीरा विक्रेता नरेश सक्सेना का शव उनके घर में फंदे से लटकता मिला। सुबह पड़ोस का नाई जब हजामत करने पहुंचा तो उसने खिड़की से शव फंदे से लटका देखा। उसकी सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव फंदे से उतारा।
पिंदारा रोड कॉलोनी निवासी नरेश सक्सेना (55) अपने घर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी पप्पो रानी की 20 साल पहले मौत हो चुकी है।
उनके एक बेटा सनी और बेटी चिन्नू है। बेटी की शादी हो चुकी है। बेटे सनी की शादी नेपाल से हुई है। करीब तीन माह पहले सनी यहां आया था। तब मकान को लेकर पिता-पुत्र में खूब विवाद हुआ था।
बाद में सनी ने मकान अपने नाम करा लिया और एक कमरा छोड़कर बाकी पूरे मकान में ताला डालकर नेपाल चला गया। तब से नरेश अकेले ही रह रहे थे। मंगलवार को उन्होंने पड़ोस के नाई से घर आकर हजामत करने को कहा था।