जनहित में अवैध वाहनों का संचालन अति शीघ्र बन्द कराया जाए : शंखधार
मिलक। भारतीय किसान संघ रामपुर के जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने जिलाधिकारी रामपुर को ईमेल, ट्वीटर एवं व्हाट्सएप के माध्यम से पत्र भेजकर जिला रामपुर में अवैध रूप से चलाए जा रहे वाहनों पर रोक लगाए
जाने का अनुरोध किया गया है। जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने एक सात सूत्रीय मांगों का पत्र भेजा है इसमें कहा गया है कि बहुत लोगों द्वारा अपनी कार का रजिस्ट्रेशन प्राईवेट कार में कराया गया है
लेकिन निरंतर उसका उपयोग टैक्सी में किया जा रहा है जिससे सरकारी राजस्व को नुक़सान पहुंचाया जा रहा है। टैक्सी परमिट वाहनों में क्षमता से अधिक व्यक्तियों को बैठाया जाता है
जिससे हादसा होने की संभावना बढ़ जाती है। मिलक बिलासपुर रोड़ पर प्राईवेट बसों का संचालन पुनः प्रारम्भ किया जाए तथा इसका किराया निर्धारित किया जाए।
केवल रजिस्ट्रेशन कराने वाले ई-रिक्शा चालकों को रूट के हिसाब से अनुमति दी जाए। जिन व्यक्तियों के पास ई-रिक्शा हैं उनके घरों का बिजली का बिल अवश्य ही चेक किया जाए जिससे चोरी रोकने में मदद मिलेगी। एवं रसोई गैस से चलने वाले सभी वाहनों को तत्काल सीज़ किया जाए।