अखिलेश यादव आज संभल पहुंचेंगे। वह पार्टी से सांसद रहे डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क को श्रद्धांजलि देंगे
संभल : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज संभल पहुंचेंगे। वह पार्टी से सांसद रहे डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क को श्रद्धांजलि देंगे। उनके आगमन पर कयास लगाए जा रहे हैं कि वह लोकसभा चुनाव के लिए नए प्रत्याशी की घोषणा कर सकते हैं।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को संभल आएंगे। वह होली सुफ्फाह स्कूल में बन रहे हेलीपैड पर उतरने के बाद दीपासराय पहुंचकर सांसद रहे डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क को श्रद्धांजलि देंगे। बुधवार की दोपहर 12: 20 बजे सुफ्फाह स्कूल में हेलीपैड पर पूर्व मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरेगा।
इसके बाद वह कार से सांसद डॉ. बर्क के आवास पर पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात करेंगे। दसवें की फातिहा में शामिल होने के साथ ही करीब एक घंटा रहेंगे। यह आयोजन सैनी रोड स्थित सगीर पैलेस में होगी।
प्रत्याशियों की अखिलेश पर टिकी नजरें
सपा ने संभल लोकसभा से डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क को प्रत्याशी घोषित कर दिया था। बीमारी के चलते सांसद व प्रत्याशी डॉ. बर्क का निधन हो गया। कयास लगाए जा रहे हैं कि बुधवार को डॉ. बर्क को श्रद्धांजलि देने संभल आ रहे पूर्व सीएम अखिलेश नए प्रत्याशी की घोषणा भी कर सकते हैं।
डॉ. बर्क के निधन के बाद उनके पोते कुंदरकी से सपा विधायक जियाउर्रहमान बर्क उनकी विरासत को आगे बढ़ाने की बात कहकर लोकसभा चुनाव लड़ने का एलान कर चुके हैं। वहीं दूसरी ओर सपा विधायक इकबाल महमूद संभल लोकसभा सीट से सपा के टिकट के दावेदार हैं।
लोगों के बीच सवाल उठ रहा है कि संभल संसदीय सीट से सपा प्रत्याशी इन दोनों में से कोई एक होगा या पार्टी किसी तीसरे या बड़ा चेहरा मैदान में उतारेगी।
पूर्व मंत्री ने जताया शोक
डॉ. बर्क के निधन पर शोक जताने के लिए सपा शासनकाल में मंत्री रहे अमरोहा निवासी महबूब अली मंगलवार को सांसद के आवास पर पहुंचे। उन्होंने डॉ. बर्क के पोते व कुंदरकी विधायक जियाउर्रहमान बर्क से मुलाकात की।